नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, चला रहे थे फर्जी कॉल सेंटर
नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, चला रहे थे फर्जी कॉल सेंटर
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी में साइबर सेल और थाना साइबर क्राइम की टीम ने आम जनमानस और बेरोजगारों के साथ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले 2 अभियुक्तों को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी साइबर के पर्यवेक्षण में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस मामले में तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्य संकलन के आधार पर पहले ही 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य अभियुक्तों में दानवीर सिंह पुत्र राजवीर सिंह, निवासी फ्लैट नंबर 1478, सेक्टर एमयू-2, ग्रेटर नोएडा सिटी, नोएडा और तान्या शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त दानवीर ने खुलासा किया कि वह नोएडा में रहकर एक कॉल सेंटर का संचालन करता था और विभिन्न वेबसाइटों से नौकरी के लिए आवेदन करने वाले बेरोजगार व जरूरतमंद लोगों का डेटा चुराता था। ये शातिर अभियुक्त बेरोजगारों को फोन कॉल के जरिए संपर्क कर मनचाही नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, सत्यापन और विभिन्न औपचारिकताओं के नाम पर धोखाधड़ी करके ठगी गई धनराशि को अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। पुलिस अब इन गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी जुटा रही है, जिसके आधार पर आगे की कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 02 लैपटॉप, 06 कीपैड मोबाइल, 04 एंड्रॉइड मोबाइल, 870 रुपये नकद और 06 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इस पूरी सफलता को हासिल करने वाली टीम में थाना साइबर क्राइम मैनपुरी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह और साइबर सेल व थाना साइबर क्राइम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)