अपर आयुक्त अरुण कुमार को भावभीनी विदाई, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं
अपर आयुक्त अरुण कुमार को भावभीनी विदाई, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं
अलीगढ़ । शासन द्वारा दायित्वों में किए गए बदलाव के तहत अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार का स्थानांतरण ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर किए जाने पर मंगलवार को कमिश्नरी कार्यालय में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कमिश्नरी सभागार में आयोजित विदाई कार्यक्रम में मंडलायुक्त ओपी आर्य, अपर आयुक्त अखिलेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम सहित कमिश्नरी कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अरुण कुमार को माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और प्रशासनिक दक्षता के साथ निर्वहन किया।
मंडलायुक्त ओपी आर्य ने अरुण कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में अधिकारियों के लिए प्रत्येक नई जिम्मेदारी अपनी कार्यक्षमता और अनुभव को जनहित में उपयोग करने का अवसर होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव के रूप में अरुण कुमार अपनी कार्यकुशलता एवं अनुभव से विभागीय योजनाओं को प्रभावी गति प्रदान करेंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की। अपर आयुक्त अरुण कुमार ने विदाई के अवसर पर मंडल एवं कमिश्नरी के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलीगढ़ मंडल में कार्य करने का अनुभव उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग और समन्वय ने दायित्वों के निर्वहन को सहज एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अरुण कुमार को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वातावरण भावुक एवं आत्मीय रहा।
उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी प्रशासनिक दक्षता से ग्राम्य विकास विभाग में भी उल्लेखनीय कार्य करेंगे। गौरतलब है कि शासन द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल में अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं नगर निगम सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)