जलभराव की समस्या पर ईओ राजकुमार चौधरी ने दिखाई तत्परता, छुट्टी के दिन भी मैदान में उतरी पालिका टीम
जलभराव की समस्या पर ईओ राजकुमार चौधरी ने दिखाई तत्परता, छुट्टी के दिन भी मैदान में उतरी पालिका टीम

यदुवंश नगर, प्रतापपुर रोड, नगला किला और आदर्श नगर में जेसीबी से नालों की सफाई कराकर शुरू कराई जल निकासी — तीनों वार्डों में डोर-टू-डोर निरीक्षण कर तैयार किया स्थायी समाधान का प्लान
शिकोहाबाद। नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद क्षेत्र के वार्ड नंबर 01, 07 और 17 सहित यदुवंश नगर, विराट पैलेस वाला रोड, प्रतापपुर रोड, नगला किला एवं आदर्श नगर में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर अब नगर पालिका प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी की सक्रियता से राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में नगर पालिका में कई अधिशासी अधिकारी आए और अपना कार्यकाल पूरा कर चले गए, लेकिन जलभराव की जमीनी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों के अनुसार, समस्या की वास्तविक स्थिति को मौके पर जाकर समझने और उसके अनुरूप कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

हाल ही में उन्नाव से स्थानांतरित होकर शिकोहाबाद नगर पालिका में कार्यभार ग्रहण करने वाले अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी ने कार्यभार संभालने के बाद से ही नगर की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने पर जोर दिया है।

इसी क्रम में यदुवंश नगर, प्रतापपुर रोड, नगला किला और आदर्श नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत सामने आने पर अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी एवं सफाई प्रभारी कुलदीप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खास बात यह रही कि छुट्टी के दिन भी पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जल निकासी का कार्य शुरू कराया। पालिका टीम द्वारा जेसीबी एवं कर्मचारियों की मदद से नालों पर लगी पट्टिकाएं हटवाकर उनकी सफाई कराई गई, जिससे पानी की निकासी का रास्ता सुचारू हो सके। इसके साथ ही संबंधित वार्डों के सभासदों के साथ मिलकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

तीनों वार्डों में डोर-टू-डोर निरीक्षण
अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी ने केवल तत्काल जल निकासी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि तीनों वार्डों में डोर-टू-डोर घूमकर जल निकासी की वास्तविक स्थिति को समझा। उन्होंने नालियों, नालों, जल निकासी के रास्तों और जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर भविष्य में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए एक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारी द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या को देखना और कर्मचारियों के साथ मिलकर समाधान की दिशा में कार्य करना सराहनीय है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा।

स्थानीय नागरिकों और सभासदों ने अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी एवं सफाई प्रभारी कुलदीप सिंह की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह अधिकारी जमीनी स्तर पर समस्याओं को देखकर उनका समाधान कराते रहे तो नगर की कई पुरानी समस्याओं से जनता को राहत मिल सकती है।
रिपोर्ट — शीलेंद्र सिंह, ब्यूरो चीफ
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)