Mainpuri News : आपकी रोटी में टेलकम पाउडर? मैनपुरी में 2150 किलो मिलावटी पाउडर के साथ अवैध आटा निर्माण इकाई सील
Mainpuri News : आपकी रोटी में टेलकम पाउडर? मैनपुरी में 2150 किलो मिलावटी पाउडर के साथ अवैध आटा निर्माण इकाई सील
मैनपुरी (अजय किशोर) जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के कड़े निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ज्योति खुड़िया क्षेत्र में चल रही एक अवैध आटा निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, क्योंकि यहाँ लोगों की सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ किया जा रहा था जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। रोटी बनाने वाले आटे में इंसानी शरीर के लिए बेहद हानिकारक टेलकम पाउडर मिलाया जा रहा था। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए.के. पाठक के कुशल नेतृत्व में ज्योति पुलिस चौकी के भारी पुलिस बल के साथ इस काली करतूत का पर्दाफाश किया गया।
जांच में सामने आया कि यह अवैध आटा निर्माण इकाई अजीत कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी ज्योति खुड़िया द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंस के धड़ल्ले से चलाई जा रही थी। मौके पर जब अधिकारियों ने स्थिति देखी तो उनके भी होश उड़ गए; आटे में मिलावट के लिए भारी मात्रा में टेलकम पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने तत्काल प्रभाव से आटे और मिलावट के लिए रखी गई टेलकम पाउडर की 43 बोरियों में से नमूने (सैंपल) संग्रहित किए। इसके साथ ही लगभग 2150 किलोग्राम टेलकम पाउडर (अनुमानित कीमत ₹32,250) और 50 किलोग्राम संदिग्ध आटा (कीमत ₹1,500) को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अवैध संचालन और जनस्वास्थ्य के गंभीर खतरे को देखते हुए आटा निर्माण इकाई को तुरंत बंद करा दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई हेतु औंछा थाने में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है। इस पूरी छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, इंद्रजीत सिंह और ज्योति चौकी का पुलिस बल मुस्तैद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)