कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सुविधा केंद्र शुरू, डीएम बोले- जनसहभागिता से यात्रा होगी सुरक्षित
कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सुविधा केंद्र शुरू, डीएम बोले- जनसहभागिता से यात्रा होगी सुरक्षित
एटा । श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद एटा की ओर से माया पैलेस चौराहे पर कांवड़ यात्री सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ यात्रियों का प्रसाद वितरित कर स्वागत किया और उनकी सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना सभी का नैतिक दायित्व है। प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने जनपदवासियों से कांवड़ मार्गों पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार श्रद्धालुओं की सेवा में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही कांवड़ यात्रा अधिक सुरक्षित और सफल बन सकती है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने बताया कि पालिका द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह, पंकज चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)