एटा में गल्ला आढ़त से हुई चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, रुपये बरामद
एटा में गल्ला आढ़त से हुई चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, रुपये बरामद
एटा, अलीगंज। थाना अलीगंज पुलिस ने गल्ला आढ़त में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से ₹32,500 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को वादी ने थाना अलीगंज में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी की फर्म बी.आर. इंटरप्राइजेज (गल्ला आढ़त), अमरौली रोड स्थित ए.जे. धर्मकांटा के पास है। 2/3 अगस्त की रात अज्ञात चोर फर्म के पीछे का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब ₹1.70 लाख चोरी कर ले गए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए फर्म में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इस मामले में थाना अलीगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी अलीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटना का खुलासा करते हुए वाहिद (24 वर्ष) पुत्र अजीज खां तथा सोनू (21 वर्ष) पुत्र वहीद खां, निवासी मोहल्ला मेवातियान, कस्बा एवं थाना अलीगंज, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी के ₹32,500 बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रुपेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, आरक्षी विनीत मावई तथा आरक्षी कुलदीप सिंह शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)