कारोबारी हत्याकांड में जमीनी विवाद का एंगल, भाड़े के शूटरों की आशंका पर जांच तेज
कारोबारी हत्याकांड में जमीनी विवाद का एंगल, भाड़े के शूटरों की आशंका पर जांच तेज
फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र में हरियाणा के कारोबारी अरुण हुड्डा की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी जमुना प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और जांच की प्रगति की समीक्षा की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर पड़ताल की जा रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के लिए कहीं भाड़े के शूटरों का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीआईजी ने जांच टीमों को सभी संभावित पहलुओं पर साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। दौरे के दौरान डीआईजी ने सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, नाविकों और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। कारोबारी हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)