आरव हत्याकांड में त्वरित विवेचना और प्रभावी पैरवी करने वाली शिकोहाबाद पुलिस टीम सम्मानित
1.
आरव हत्याकांड में त्वरित विवेचना और प्रभावी पैरवी करने वाली शिकोहाबाद पुलिस टीम सम्मानित

फिरोजाबाद, 28 जुलाई। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के यादव कॉलोनी में 30 मई 2026 को हुए डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की नृशंस हत्या के बहुचर्चित मामले में त्वरित विवेचना एवं प्रभावी न्यायिक पैरवी कर अभियुक्त को मृत्युदंड दिलाने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि घटना के बाद थाना शिकोहाबाद पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा द्वारा अत्यंत तेजी एवं गंभीरता से करते हुए आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया गया और मात्र 6 दिनों के भीतर, 4 जून 2026 को आरोप पत्र माननीय न्यायालय में प्रेषित कर दिया गया। इसके बाद 6 जून को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल हुआ तथा 9 जून 2026 को न्यायालय ने मामले का संज्ञान लिया।

मॉनीटरिंग सेल की प्रभावी पैरवी के चलते केवल 7 दिनों में 13 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। त्वरित सुनवाई के उपरांत 9 जुलाई 2026 को, घटना के मात्र 39 दिनों के भीतर, माननीय न्यायालय ने अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र को दोषी करार दिया। इसके अगले दिन 10 जुलाई 2026 को न्यायालय ने अभियुक्त को मृत्युदंड एवं ₹50,000 के अर्थदंड की सजा सुनाई।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए आज 28 जुलाई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने प्रभारी निरीक्षक अनुज राणा, उपनिरीक्षक राजीव गौतम, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल संदीप कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंभीर अपराधों में त्वरित विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन एवं प्रभावी पैरवी से अपराधियों को शीघ्र कठोर दंड दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण एवं दक्षता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)