ट्राई के उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा एवं उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
ट्राई के उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा एवं उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
एटा । राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), एटा में शनिवार को भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा एक दिवसीय "उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं से जुड़े उपभोक्ता अधिकारों, डिजिटल सेवाओं तथा साइबर ठगी से बचाव के प्रति आमजन एवं प्रशिक्षार्थियों को जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्राई भोपाल रीजन के अधिकारी मयूर टोप्लो, आरएसवीएस संस्था के डॉ. ए.डी. उस्मानी तथा राजकीय आईटीआई, एटा के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मयूर टोप्लो ने कहा कि ट्राई उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने मोबाइल सेवाओं में अनचाहे कॉल एवं संदेश, कॉल ड्रॉप, रिचार्ज की पारदर्शिता तथा शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. ए.डी. उस्मानी ने डिजिटल युग में उपभोक्ता जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी से सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आम नागरिकों एवं युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि सभी डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कर सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछकर समाधान प्राप्त किया। ट्राई के प्रतिनिधियों ने शिकायत दर्ज कराने हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन 198, 1098 एवं 1930 तथा ऑनलाइन शिकायत पोर्टल की जानकारी भी दी। साथ ही उपभोक्ता जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संयोजन श्री हेमराज बघेल, श्री जॉनी कुमार एवं श्री नमित कुमार ने किया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त कार्यदेशक, अनुदेशक एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं एवं आम नागरिकों में दूरसंचार सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा वे साइबर अपराधों से बचाव के लिए अधिक सतर्क बनते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)