सड़क पर सूख रही मक्का बनी विवाद की वजह, युवक को बंधक बनाने और 32 हजार रुपये लेने का आरोप
सड़क पर सूख रही मक्का बनी विवाद की वजह, युवक को बंधक बनाने और 32 हजार रुपये लेने का आरोप
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र में सड़क पर सुखाई जा रही मक्का को लेकर हुआ विवाद गंभीर आरोपों तक पहुंच गया। एटा जिले के एक युवक ने आरोप लगाया है कि बाइक फिसलने के बाद किसान ने उसके साथ मारपीट की और उसे कई घंटे तक घर में बंधक बनाए रखा। युवक का आरोप है कि इलाज के खर्च के नाम पर उसके परिजनों से 32 हजार रुपये लेने के बाद उसे छोड़ा गया। एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के फगनौर गांव निवासी गोपाल कठेरिया नवाबगंज क्षेत्र के नगला दमू गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
लौटते समय नया नगला गांव के पास सड़क पर फैली मक्का पर उनकी बाइक फिसल गई, जिससे वह गिर पड़े। हादसे में गोपाल और वहां मौजूद किसान को चोटें आईं। गोपाल का आरोप है कि दुर्घटना के बाद किसान ने नाराज होकर उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये भी छीन लिए। इसके बाद उसे अपने घर ले जाकर कई घंटों तक रोके रखा गया। आरोप है कि किसान ने उसके परिजनों को फोन कर बुलाया और इलाज के खर्च के नाम पर रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार, उसके परिजन जैथरा से नवाबगंज पहुंचे और किसान को 32 हजार रुपये देने के बाद गोपाल को छोड़ा गया। इसके बाद गोपाल परिजनों के साथ नवाबगंज थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)