सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वार्ड बॉय का वेतन रोकने के निर्देश
सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वार्ड बॉय का वेतन रोकने के निर्देश
मैनपुरी (अजय किशोर) मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आर. सी. गुप्ता ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करहल के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदरपुर और पीएचसी बरनाहल के लाखनमऊ का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर गंदगी और स्टाफ की लापरवाही को देखकर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने की चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
लाखनमऊ पीएचसी के निरीक्षण में कोविड वार्ड गंदा मिलने पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट दिनेश कुमार को फटकार लगाते हुए वार्डों की सफाई रखने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने को कहा। ड्रग स्टोर की जांच के दौरान उन्होंने भर्ती रजिस्टर बनाने और हर मरीज का अंकन करने के निर्देश दिए। वहीं, ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए वार्ड बॉय भुजवीर सिंह का वेतन काटने के निर्देश उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक बरनाहल को दिए। इसके बाद चंदरपुर पीएचसी पहुंचे सीएमओ ने वहां भी सफाई व्यवस्था खराब पाए जाने पर सफाई कर्मचारी राजकुमार को डांट लगाई और एक सप्ताह के भीतर पूरे कैंपस को दुरुस्त न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अस्पतालों में स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सीएमओ ने निर्देश दिया कि दोनों केंद्रों के सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ सुबह 9 बजे और दोपहर को व्हाट्सएप ग्रुप पर अपनी फोटो शेयर करेंगे। इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह गौर, डॉ. इम्तियाज अहमद, चिकित्सा अधिकारी विपिन कुमार, फार्मासिस्ट ज्योति और एलटी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)