फर्रुखाबाद में प्रशासन का बड़ा एक्शन: कोचिंग सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट की जांच, कई संस्थानों को नोटिस
फर्रुखाबाद में प्रशासन का बड़ा एक्शन: कोचिंग सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट की जांच, कई संस्थानों को नोटिस
फर्रुखाबाद । लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर में फायर सेफ्टी को लेकर व्यापक जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई कोचिंग सेंटर, होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भवनों के स्वीकृत नक्शे, फायर एनओसी, आपातकालीन निकास मार्ग और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान आकाश इंस्टीट्यूट और अन्य कोचिंग संस्थानों में कई गंभीर कमियां सामने आईं।
आकाश इंस्टीट्यूट में न तो भवन का स्वीकृत नक्शा मिला और न ही फायर सेफ्टी से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सके। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। वहीं आचार्य इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पार्किंग के बजाय कबाड़ और जनरेटर रखा पाया गया। साथ ही भवन में जगह-जगह खुली बिजली वायरिंग भी मिली, जिसे बड़ा सुरक्षा खतरा माना गया। जांच के दौरान एक होटल के बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंट में भी अनियमितताएं पाई गईं। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद कर्मचारी मौके से फरार हो गए। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील करने के निर्देश दिए। बताया गया कि संबंधित होटल को पहले भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन सुधार नहीं किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि कई संस्थानों के पास फायर एनओसी और स्वीकृत भवन मानचित्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता, तब तक किसी भी संस्थान को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)