संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय बैठक संपन्न, लापरवाही पर डीएम सख्त
संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय बैठक संपन्न, लापरवाही पर डीएम सख्त
मैनपुरी ( अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (1 से 31 जुलाई) और दस्तक अभियान (11 से 31 जुलाई) की सफलता को लेकर अंतर्विभागीय जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने 'प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर' के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पिछले वर्षों में संचारी रोगों की स्थिति में आए सुधार को बरकरार रखने के लिए स्वच्छता, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव जैसी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर तैनात सफाई कर्मचारी का नाम व मोबाइल नंबर वॉल पेंटिंग के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने ड्यूटी से नदारद रहने वाले या कार्य में उदासीनता बरतने वाले सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी। साथ ही, उन्होंने शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने तथा कूड़ा वाहनों के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछले दस्तक अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मैनपुरी ग्रामीण व करहल में मात्र 69 प्रतिशत, बरनाहल में 81 प्रतिशत और घिरोर व सुल्तानगंज में 85 प्रतिशत ही घर-घर भ्रमण कार्य किए जाने पर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने शिक्षा विभाग को प्रार्थना सभाओं में बच्चों को जागरूक करने और पशुपालन व कृषि विभाग को पशुपालकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, एस.एम.ओ. डॉ. बी.पी. सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन जिला मलेरिया अधिकारी हिलाल अहमद द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)