शराब की दुकान में दबंगों का तांडव: सेल्समैन को बेरहमी से पीटा, बचाव में आए ठेका संचालक भी घायल
शराब की दुकान में दबंगों का तांडव: सेल्समैन को बेरहमी से पीटा, बचाव में आए ठेका संचालक भी घायल
फर्रुखाबाद। शहर के कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में देर रात अंग्रेजी शराब की दुकान पर कुछ दबंग युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने पहले सेल्समैन को नौकरी से हटाने का दबाव बनाया और विरोध होने पर दुकान में घुसकर सेल्समैन की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए ठेका संचालक को भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। जानकारी के अनुसार आवास विकास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान उन्नाव निवासी शुभम जायसवाल की पत्नी के नाम पर संचालित होती है। रविवार रात कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और वहां मौजूद मैनेजर दीपक कुमार से एक सेल्समैन को तत्काल हटाने की मांग करने लगे।
मैनेजर ने उन्हें आश्वासन दिया कि सोमवार को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, लेकिन युवक तत्काल सेल्समैन को बाहर निकालने की जिद पर अड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बात बढ़ने पर युवकों ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए सेल्समैन को पकड़ लिया और दुकान के अंदर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों और थप्पड़ों से की गई पिटाई में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ठेका संचालक शुभम जायसवाल को भी हमलावरों ने धक्का-मुक्की कर घायल कर दिया। मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि सेल्समैन ने फोन कर सूचना दी थी कि कुछ लोग दुकान पर आकर बिक्री नहीं करने दे रहे हैं और मशीन उठाने की भी कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के बाहर भीड़ लगी हुई थी। युवकों ने फिर से सेल्समैन को हटाने की मांग की। समझाने का प्रयास करने पर उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने उनका गला पकड़ने का प्रयास किया, जबकि अन्य लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ दिया। इसके बाद 6 से 7 लोगों ने मिलकर सेल्समैन तथा अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल सेल्समैन को तत्काल उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ युवक मारपीट करते हुए दिखाई दिए हैं। आवास विकास चौकी प्रभारी ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की दबंगई और हिंसक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)