मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का महा-अभियान कल से
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का महा-अभियान कल से
एटा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 13 जून से 21 जून तक जनपद एटा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विकास उत्सव, जनसंपर्क अभियान एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता के लिए रणनीति तैयार की गई। जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी ब्लॉकों, ग्राम सभाओं और बूथों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 13 व 14 जून को जिला स्तरीय मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे। 14 से 16 जून तक सभी ब्लॉकों में जन-कल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 16 व 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 18 व 19 जून को किसान मोर्चा के सहयोग से प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें किसानों को जैविक खेती और मिलेट्स के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और विकास परियोजनाओं के निरीक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के सभी मंडलों में आयोजित योग शिविरों के साथ होगा। बैठक में विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला महामंत्री संतोष चौहान सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)