कायमगंज मंडी में बारिश से भीगा गेहूं, डीएम सख्त

May 14, 2026 - 06:44
0 9
कायमगंज मंडी में बारिश से भीगा गेहूं, डीएम सख्त

block-350 block-350

कायमगंज मंडी में बारिश से भीगा गेहूं, डीएम सख्त

फर्रुखाबाद। जनपद में गेहूं खरीद और उठान की सुस्त रफ्तार पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कड़ा रुख अपनाया है। कायमगंज मंडी में बारिश के दौरान गेहूं भीगने की घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गेहूं खरीद समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों से खरीद और उठान की प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई केंद्रों पर खरीद के मुकाबले गेहूं का उठान काफी धीमी गति से हो रहा है, जिससे भंडारण की समस्या बढ़ रही है। इसी बीच कायमगंज मंडी में बारिश के कारण गेहूं भीगने की घटना पर डीएम ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी क्रय केंद्र पर गेहूं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी केंद्र पर गेहूं भीगता है या खराब होता है, तो संबंधित क्रय एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 5502 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि इसके सापेक्ष केवल 1485 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो पाया है। खरीद के मुकाबले उठान की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी क्रय केंद्रों पर सुरक्षित भंडारण, समय पर उठान और पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समेत खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User