कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की समिति ने विकास योजनाओं एवं लंबित याचिकाओं की प्रगति पर की समीक्षा

May 09, 2026 - 18:58
0 68
कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की समिति ने विकास योजनाओं एवं लंबित याचिकाओं की प्रगति पर की समीक्षा

block-350 block-350

याचिका समिति की समीक्षा बैठक में जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की समिति ने विकास योजनाओं एवं लंबित याचिकाओं की प्रगति पर की समीक्षा

फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक माननीय सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, अधूरे कार्यों एवं माननीय सदस्यों द्वारा प्रस्तुत याचिकाओं के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

 बैठक के दौरान सभापति अशोक अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विशेष डेस्क की स्थापना की जाए, जहां प्राप्त शिकायतों एवं याचिकाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही याचिकाओं की प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।

 बैठक में नगर पंचायत मक्खनपुर के वार्ड नंबर तीन में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत चल रहे अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। विकासखंड नारखी के ग्राम पुरानी गढ़ी में ऋषि के घर से प्राथमिक पाठशाला तक 220 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण होने की पुष्टि अधिकारियों द्वारा की गई। माननीय सदस्य रामचंद्र प्रधान द्वारा उठाए गए नाली एवं सीसी रोड निर्माण संबंधी प्रश्न पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि ग्राम जहानाबाद बिराई मदनपुर में उक्त कार्य वर्ष 2022 में पूर्ण कराया जा चुका है।

 

इसी क्रम में डॉ. दिलीप यादव द्वारा ग्राम पोखर हरिया में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी दी गई कि कार्य वर्ष 2022-23 में पूर्ण हो चुका है। समिति द्वारा ग्राम जलालपुर में पारुल नगरिया मार्ग से करतार सिंह गुर्जर के घर तक लगभग 170 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 14.50 लाख रुपये है, को जिला पंचायत की वार्षिक कार्य योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला उर्दू नगर से दीदामई क्षेत्र तक 35 गलियों के कच्चे होने एवं जल निकासी की समस्या पर समिति ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 श्रीमती कांति सिंह द्वारा ग्राम भिंडी जसराना में प्रत्येक पोल पर एलईडी लाइट लगाए जाने के प्रस्ताव पर अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्य योजना में बजट उपलब्धता के आधार पर प्रस्ताव को शामिल किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभापति अशोक अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किया जाए तथा जो कार्य योजनाओं में शामिल हैं, उन्हें बजट उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित समिति के सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, उमेश द्विवेदी, मुकेश शर्मा, अरुण पाठक, बृजेश पाठक, रमा निरंजन, ऋषिपाल सिंह, मुकुल यादव एवं डॉ. सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User