Farrukhabad News : सातनपुर मंडी में आलू की बंपर आवक से महाजाम, घंटों फंसे किसान

Feb 24, 2026 - 21:44
 0  0
Farrukhabad News : सातनपुर मंडी में आलू की बंपर आवक से महाजाम, घंटों फंसे किसान

Farrukhabad News : सातनपुर मंडी में आलू की बंपर आवक से महाजाम, घंटों फंसे किसान

फर्रुखाबाद/एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी मानी जाने वाली फर्रुखाबाद की सातनपुर मंडी में इन दिनों आलू की भारी आवक के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सोमवार को मंडी के अंदर से लेकर बाहर मुख्य सड़क तक भीषण जाम लग गया, जिसके कारण अपनी उपज बेचने आए किसानों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। रात 3 बजे से ही शुरू हो जाती है वाहनों की कतारें। जानकारी के अनुसार, किसान रात 3 बजे से ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और घोड़ा-गाड़ियों में आलू लेकर मंडी पहुंचना शुरू कर देते हैं। यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहता है।

बड़ी संख्या में किसानों के वाहनों के साथ-साथ आलू की लोडिंग के लिए ट्रकों के पहुंचने से मंडी में जगह कम पड़ जाती है। सोमवार को दोपहर 12 बजे से जाम की स्थिति बननी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मंडी के अंदर से लेकर बाहर सेंट्रल जेल चौराहे तक फैल गई। सड़क पर दोपहर 2 बजे के बाद जाम से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मंडी के अंदर शाम 4 बजे तक वाहनों की आवाजाही बुरी तरह बाधित रही। प्रशासन ने खोला दूसरा गेट, बेतरतीब पार्किंग बनी वजह मंडी में लगे इस भीषण जाम का एक बड़ा कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आड़े-तिरछे और बेतरतीब ढंग से खड़ा होना बताया गया। स्थिति बिगड़ती देख और वाहनों की निकासी सुनिश्चित करने के लिए मंडी प्रशासन को मजबूरन दूसरा गेट खोलना पड़ा। गौरतलब है कि फर्रुखाबाद में आलू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। शनिवार को भी करीब 100 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आलू लेकर यहां पहुंची थीं। किसानों और वाहन चालकों का छलका दर्द।

जाम में फंसे किसानों और अन्य लोगों ने अपनी परेशानी साझा की: * महावीर (हरपालपुर, हरदोई): "मैं सुबह 3 बजे आलू लेकर आ गया था। ट्रैक्टर-ट्राली खाली होने के बाद जब वापस निकलने लगा तो जाम में फंस गया। करीब 3 घंटे से यहीं फंसा हुआ हूँ।" * मुकेश (गांव बेनी नगला): "मैं सुबह 4 बजे मंडी पहुंचा था। दोपहर 1 बजे आलू खाली हो पाया और उसके बाद से करीब डेढ़ घंटे से जाम में खड़ा हूँ।" * बलराम (ई-रिक्शा चालक): "मैं मंडी में आलू खरीदने आया था और पिछले 2 घंटे से इस जाम से निकलने की जद्दोजहद कर रहा हूँ।"