Agra News : पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत, भीड़ देख भागी पुलिस

Agra News : पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत, भीड़ देख भागी पुलिस

Feb 07, 2025 - 09:07
0 165
Agra News : पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत, भीड़ देख भागी पुलिस

UP News : आगरा के थाना डौकी की कबीस पुलिस चौकी में बृहस्पतिवार दोपहर को आटा चक्की मालिक केदार सिंह (52) की मौत हो गई। उनको धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में चार पुलिसकर्मी पूछताछ के लिए पकड़कर लाए थे। परिजन का आरोप है कि पुलिस ने चौकी में थर्ड डिग्री दी। मुंह में कपड़ा ठूंसकर पीटा। पिटाई से हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। उन्होंने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस पर चौकी पर ताला लगाकर पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दो घंटे बाद अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने। मृतक की पत्नी ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। गढ़ी हैसिया, डौकी निवासी केदार सिंह गांव में ही आटा चक्की चलाते थे। उनके भतीजे प्रमोद ने बताया कि दोपहर दो बजे जीप में चार-पांच पुलिसकर्मी घर पहुंचे। केदार सिंह को गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे। परिजन ने पकड़कर ले जाने का कारण पूछा। इस पर कहा कि चौकी पर पहुंचने पर बताया जाएगा। आरोप लगाया कि चाचा केदार सिंह को बरौली अहीर मोड़ पर पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में ही पीटना शुरू कर दिया। पीछे आते भाइयों ने पुलिसकर्मियों को रोका। मगर, वो नहीं माने। वह उनको चौकी लेकर चले गए, जहां केदार सिंह के मुंह में कपड़ा ठूंसकर बर्बरतापूर्ण तरीके से पीटा।

 शाम चार बजे हालत बिगड़ने पर आॅटो में अस्पताल ले गए, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिसकर्मी बिना परिजन को सूचना दिए शव पोस्टमार्टम ले गए। इसकी जानकारी पर आए ग्रामीणों ने पहले पुलिस चौकी पर हंगामा किया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर पुलिसकर्मी ताला डालकर भाग खड़े हुए। इस पर शमसाबाद और फतेहाबाद सर्किल की फोर्स के साथ अधिकारी पहुंच गए। शाम छह बजे ग्रामीणों ने लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास जाम लगा दिया।

इससे दिल्ली, एत्मादपुर और आगरा की तरफ से आने वाले वाहनों की लाइन लग गई। ग्रामीण शव को लेकर आने की मांग करने लगे। एसीपी शमसाबाद गिरीश कुमार ने समझाने का प्रयास किया। महिलाओं ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। रात 7:45 बजे डीसीपी पूर्वी जोन अतुल शर्मा आए। मृतक की पत्नी ने उन्हें तहरीर दी। इसमें पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खोला जा सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User