इंटरनेशनल ट्रेड शो में एटा के पीतल उत्पादों और चिकोरी की धूम
इंटरनेशनल ट्रेड शो में एटा के पीतल उत्पादों और चिकोरी की धूम
जलेसर के जीआई टैग वाले पीतल उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, पहले दिन करीब 44 हजार की बिक्री
एटा । ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर (आईईएमएल) में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में एटा के स्थानीय उत्पादों ने देश-विदेश के खरीदारों का ध्यान आकर्षित किया है। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में जलेसर के जीआई टैग प्राप्त पीतल के घुंघरू, घंटा, घंटी और अन्य उत्पादों की स्टाल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं ओडीओपी उत्पाद चिकोरी को लेकर भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्यमियों ने रुचि दिखाई। ट्रेड शो में प्रतिभाग कर रहे उद्यमी मोहम्मद नईम अंसारी की फर्म आर्ट मेटल वेयर के स्टाल पर पीतल के उत्पादों की करीब 12,250 रुपये की बिक्री हुई। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हस्तशिल्पियों को निशुल्क स्टाल उपलब्ध कराने से स्थानीय कारीगरों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर मिला है।
जलेसर के उद्यमी बाल गोविंद बंसल की श्री बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के स्टाल पर भी पहले दिन पीतल की मूर्तियों, घंटा और घंटी समेत अन्य उत्पादों की करीब 31,800 रुपये की बिक्री हुई। उन्होंने बताया कि विदेशी खरीदारों ने जलेसर के पीतल उत्पादों के बारे में जानकारी लेने में विशेष रुचि दिखाई। एटा के ओडीओपी उत्पाद चिकोरी की स्टाल पर भी कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्यमी पहुंचे। विकोरी एंटरप्राइजेज के जितेन्द्र कुमार मित्तल ने बताया कि लोगों ने चिकोरी और इसके विभिन्न नवीन उपयोगों के बारे में जानकारी ली। इससे उत्पाद के नए बाजार विकसित होने की संभावना बढ़ी है।
अलीगंज की श्री गंगासहाय शाक्य विनि फ्लोर मिल की संगीता मौर्य ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड शो में महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलना उत्साहजनक है। ऐसे आयोजनों से महिला उद्यमियों को नए बाजार और व्यापारिक अवसर मिलते हैं। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने जिले के उद्यमियों से ट्रेड शो में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलता है और उद्यमियों के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)