ग्राम पंचायत पुस्तकालय बने ग्रामीण युवाओं की सफलता का नया आधार, गांव में बैठकर साकार हो रहे युवाओं के सपने
ग्राम पंचायत पुस्तकालय बने ग्रामीण युवाओं की सफलता का नया आधार, गांव में बैठकर साकार हो रहे युवाओं के सपने
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “हर प्रतिभा को अवसर और हर गांव को संसाधन” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित ग्राम पंचायत पुस्तकालय ग्रामीण युवाओं के लिए सफलता का नया आधार बन रहे हैं। कभी उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख करने वाले ग्रामीण युवाओं को अब अपनी ही ग्राम पंचायत में आधुनिक एवं संसाधनयुक्त अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के विशेष प्रयासों से जनपद फिरोजाबाद में अब तक 261 ग्राम पंचायत पुस्तकालयों की स्थापना की जा चुकी है। इन पुस्तकालयों में अध्ययन कर 85 से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी सेवाओं में हुआ है।
ग्राम पंचायत कंथरी (अरांव) से अमित, दुष्यंत, मनीष, रनजीत राजपूत, अश्विनी एवं प्रसू का चयन सीआरपीएफ, उत्तर प्रदेश पुलिस, भारतीय वायुसेना एवं भारतीय नौसेना में हुआ है। वहीं ग्राम पंचायत नेपई (नारखी) से पृथ्वी सिंह का भारतीय सेना तथा गिरीश कुमार का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत ववायन (हाथवंत) के अश्वनी कुमार एवं गौरव कुमार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सफलता हासिल की। ग्राम पंचायत सुरैल नगला कांक्षी एवं भेंड़ी (जसराना) से ज्योति शाक्य एवं शिवम कुमार का चयन भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं ग्राम पंचायत पुस्तकालय सरकार की यह पहल केवल पुस्तकें उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। ग्राम पंचायत पुस्तकालयों को आधुनिक स्मार्ट क्लास सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है। इससे ग्रामीण युवा महंगी कोचिंग फीस और शहर में रहने-खाने के भारी खर्च के बिना अपनी ग्राम पंचायत में बैठकर सिविल सेवा, पुलिस, एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर पा रहे हैं। ग्राम पंचायत पुस्तकालयों ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।
इन पुस्तकालयों से निकलकर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे युवाओं की सफलता अब गांव के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
ग्रामीण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम* योजना के सफल क्रियान्वयन तथा युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का मार्गदर्शन एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल का उद्देश्य गांव के प्रत्येक होनहार युवा को बेहतर अध्ययन संसाधन, अवसर और आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है। फिरोजाबाद की ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों के माध्यम से शुरू हुई ज्ञान और किताबों की रोशनी अब सैकड़ों परिवारों के जीवन में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव का माध्यम बन रही है। ग्राम पंचायत पुस्तकालय आज केवल अध्ययन केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं के सपनों को पंख देने और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाले केंद्र बन चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)