फर्रुखाबाद पहुंचे सीएम योगी, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे; 1000 परिवारों को बांटी राहत किट
फर्रुखाबाद पहुंचे सीएम योगी, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे; 1000 परिवारों को बांटी राहत किट
फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। इसके बाद फतेहगढ़ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद किया और 1000 परिवारों को राहत किट वितरित की। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बेघर हुए परिवारों को आवासीय भूमि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री के साथ आवास और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद के किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान को लेकर उन्होंने विशेष रूप से आलू किसानों की चिंता की। उन्होंने प्रभावित फसलों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और आपदा की स्थिति में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद के विकास को लेकर लिंक एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी से फर्रुखाबाद को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे आवागमन के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “पहले आउटसोर्सिंग कंपनियां सैफई की थीं।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकार में नौकरियों और सरकारी व्यवस्थाओं में युवाओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का काम किया है। योगी ने कहा कि “गरीब के पैसे पर डकैती नहीं पड़ने देंगे।” आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कथित लूट-खसोट को समाप्त करने के लिए सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम बनाया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को समय पर भुगतान, सामाजिक सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छे काम करती है। आज प्रदेश में कैशलेस इलाज की व्यवस्था है और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं तथा सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक छात्र के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। बारिश और खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पहले राजेपुर क्षेत्र के डबरी गांव में प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम स्थल बदलकर फतेहगढ़ पुलिस लाइन किया गया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)