तेरहवीं से लौट रहे युवक का झाड़ियों में मिला रक्तरंजित शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
तेरहवीं से लौट रहे युवक का झाड़ियों में मिला रक्तरंजित शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मैनपुरी (अजय किशोर) बिछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर निवासी 35 वर्षीय सुखबीर पुत्र बलबीर सिंह का शव सोमवार सुबह घर से लगभग दो किलोमीटर दूर लालपुरी रोड पर झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखबीर रविवार शाम करीब 6 बजे एटा जिले के ग्राम नगला राम सिंह में एक तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए निकला था। उसके साथ सोनू, विवेक, रोहित और अन्य साथी दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात जब सुखबीर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने किसी परिचित के यहाँ रुकने की संभावना जताई। हालाँकि, अगली सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया।
मृतक की आँख, गर्दन तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की माँग की है। घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जाँच के दौरान कार्यक्रम में शामिल आदित्य यादव ने पुलिस को बताया कि विवेक डीलर के कहने पर सुखबीर अपनी बाइक वहीं छोड़कर दोस्तों के साथ चला गया था तथा रास्ते में बाबा लालपुरी मंदिर के समीप सभी ने शराब का सेवन किया था। पुलिस फिलहाल मृतक के दोस्तों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जाँच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)