राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार, कोई अपराधी नहीं बचेगा: योगी आदित्यनाथ

Jun 21, 2026 - 07:17
0 0
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार, कोई अपराधी नहीं बचेगा: योगी आदित्यनाथ

block-350 block-350

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार, कोई अपराधी नहीं बचेगा: योगी आदित्यनाथ

अयोध्या में बोले मुख्यमंत्री— 500 साल इंतजार किया, 15 दिन और कर लीजिए, एसआईटी करेगी दूध का दूध और पानी का पानी

अयोध्या । अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि मामले में दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसआईटी जांच पूरी निष्पक्षता से होगी और जो भी अपराधी पाया जाएगा, उसकी गिरफ्तारी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज रामभक्तों और अयोध्या की चिंता करने का दिखावा कर रहे हैं, वही लोग पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करते थे और रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए कांग्रेस ने हर संभव प्रयास किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में यह तक कहा था कि भगवान राम का कोई अस्तित्व नहीं था, लेकिन आज वही लोग अयोध्या और राम मंदिर को लेकर राजनीति कर रहे हैं। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर बोलते हुए योगी ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने एसआईटी जांच का गठन किया है। जांच टीम पूरी सच्चाई सामने लाएगी और दूध का दूध तथा पानी का पानी कर देगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास कोई प्रमाण या साक्ष्य है तो वह उसे एसआईटी को उपलब्ध कराए, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके। मुख्यमंत्री ने रामभक्तों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने मर्यादा और धैर्य का संदेश दिया है। उन्होंने कहा, "राम मंदिर के लिए देश के करोड़ों लोगों ने 500 वर्षों तक संघर्ष और इंतजार किया है। अब 15 दिन और धैर्य रखिए। जांच पूरी होने दीजिए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें।" योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग अयोध्या और रामनगरी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे तत्वों के मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर और अयोध्या देश की आस्था के केंद्र हैं और इन्हें बदनाम करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि किसी ने अपराध किया है तो उसका राजनीतिक, सामाजिक या किसी अन्य प्रकार का प्रभाव उसे बचा नहीं पाएगा। "अपराधी कोई भी होगा, बचेगा नहीं। कानून अपना काम करेगा और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User