सपा की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, उर्मिला राजपूत — संगठन की ताकत से ही तय होती है जीत-हार

May 04, 2026 - 07:58
0 2
सपा की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन,  उर्मिला राजपूत — संगठन की ताकत से ही तय होती है जीत-हार

सपा की मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, उर्मिला राजपूत — संगठन की ताकत से ही तय होती है जीत-हार

फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को जिला संगठन की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष मुन्ना यादव ने किया। बैठक की शुरुआत संगठन विस्तार के मुद्दे से हुई, जहां दो दर्जन से अधिक लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की नीतियों में विश्वास जताया। इस दौरान गैसिंगपुर के प्रधान शरद राठौर (मोनू) के पुत्र विशाल सिंह राठौर और प्रशांत सिंह राठौर अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे मोहम्मदाबाद क्षेत्र में संगठन के लिए बड़ी मजबूती बताया। बैठक में संगठनात्मक फेरबदल के तहत देवरामपुर के प्रधान पवन कठेरिया को सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया। इस मौके पर बूथ स्तर पर पार्टी को सक्रिय करने, हर बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने और जिला नेतृत्व का सीधा संवाद कार्यकर्ताओं से स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान जनता के हित में अनेक योजनाएं और विकास कार्य किए गए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं ताकि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठ का जवाब दिया जा सके। उन्होंने कहा कि नए युवाओं के जुड़ने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रशासन का सहारा लेकर जनता और विपक्षी कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजबूती से मैदान में उतरने की अपील की। उर्मिला राजपूत ने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा तो राजनीतिक परिस्थितियों को बदला जा सकता है। वरिष्ठ नेता डॉ. जे.पी. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका संगठन होता है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनाव में जीत और हार का फैसला करता है, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक में प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, जिला प्रवक्ता एवं सचिव राधेश्याम सविता, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अरविंद कश्यप, जिला उपाध्यक्ष सुमित शाक्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव शाक्य, नगर अध्यक्ष कमालगंज बिल्लू श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ राकेश दिवाकर (राका) समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में नेताओं ने आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User