Etah News : बुद्ध पूर्णिमा पर खुले स्कूल पर प्रशासन सख्त, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

May 01, 2026 - 15:22
0 179
Etah News : बुद्ध पूर्णिमा पर खुले स्कूल पर प्रशासन सख्त, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

बुद्ध पूर्णिमा पर खुले स्कूल पर प्रशासन सख्त, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

एटा । जनपद एटा में बुद्ध पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण अवकाश के दिन भी एक निजी स्कूल द्वारा शासनादेश की अनदेखी करने का मामला सामने आया है। आगरा रोड स्थित श्याम बिहारी पब्लिक स्कूल ने सरकारी छुट्टी के बावजूद विद्यालय को सामान्य दिनों की तरह संचालित किया, जिससे बच्चों और शिक्षकों को अवकाश नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने शासन के स्पष्ट आदेशों को दरकिनार करते हुए 1 मई को विद्यालय खोला। जब कुछ शिक्षकों ने इस पर आपत्ति जताई और अवकाश के पालन की बात कही, तो उन्हें प्रबंधन की ओर से फटकार का सामना करना पड़ा। इस घटना से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त हो गया।

मामले की शिकायत जिलाधिकारी एटा, अरविंद सिंह से की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मौके पर जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय को बंद कराने के निर्देश दिए और प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले के अन्य निजी विद्यालयों को भी सख्त संदेश गया है कि अवकाश संबंधी आदेशों का पालन अनिवार्य है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User