मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से संवर रहे युवाओं के सपने, निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित

Apr 22, 2026 - 19:19
 0  5
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से संवर रहे युवाओं के सपने, निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से संवर रहे युवाओं के सपने, निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित

एटा । जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी ने अवगत कराया है कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि ऑफलाइन एवं ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 25 अप्रैल 2026 से 10 जून 2026 तक संचालित रहेगी।

इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, अरुणा नगर, एटा तथा बाबू जगजीवन राम छात्रावास, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर, शांति नगर, एटा से कार्यालय समय प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से अभ्युदय योजना की आधिकारिक वेबसाइट abhyudayup.in पर भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन प्रक्रिया एवं संचालित समस्त कक्षाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं। पात्रता के संबंध में उन्होंने बताया कि जेईई/नीट के लिए कक्षा 11-12 में अध्ययनरत अथवा विज्ञान वर्ग से उत्तीर्ण छात्र, यूपीएससी/यूपीपीएससी के लिए स्नातक अंतिम वर्ष अथवा स्नातक छात्र, एसएससी एमटीएस/सीएचएसएल एवं यूपीएसएसएससी परीक्षाओं के लिए कक्षा 12 उत्तीर्ण तथा एसएससी सीजीएल के लिए स्नातक छात्र पात्र होंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत अनुभवी शिक्षकों द्वारा सिविल सेवा, मेडिकल, इंजीनियरिंग एवं एसएससी जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इस योजना से कोचिंग प्राप्त कर रहे अनेक छात्र विभिन्न परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रदेश एवं जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं।

यह योजना प्रतिभा को अवसर से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी कोर्स को-ऑर्डिनेटर के मोबाइल नंबर 7007218875 तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर के मोबाइल नंबर 9568792434 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए निर्धारित समयावधि में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाएं।