नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने विकास का खाका किया स्पष्ट, मीडिया से संवाद
नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने विकास का खाका किया स्पष्ट, मीडिया से संवाद
एटा । जनपद एटा के नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक संवाद किया। इससे पूर्व उन्होंने देर रात जनपद कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से अपना पदभार संभाला। मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की सभी योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ धरातल पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं को सिर्फ लागू करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना भी प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने जनपद के विकास में जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम जनता की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि सभी के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके और विकास कार्यों में गति लाई जा सके। जिलाधिकारी ने एटा की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह जिला अब दिल्ली, आगरा, अलीगढ़, कानपुर और बरेली जैसे प्रमुख शहरों के करीब आ गया है। इस लाभ का उपयोग कर जनपद को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सिंघाड़ा, मखाना समेत अन्य फसलों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा और उन्हें उद्योगों से जोड़ा जाएगा। जलेसर और जलभराव वाले क्षेत्रों में मखाना उत्पादन की संभावनाओं को विकसित करने की योजना है। साथ ही एफपीओ और ओडीओपी योजना के माध्यम से किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने पर काम किया जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और किसानों को उचित मूल्य मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने अंत में कहा कि शांति व्यवस्था, सुरक्षा और सुशासन को सर्वोच्च रखते हुए एटा में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश, उपजिलाधिकारी भावना विमल, उपजिलाधिकारी विपिन कुमार मोरल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अविरल तिवारी सहित कई अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।