जनगणना राष्ट्र के विकास की आधारशिला, निष्ठा से निभाएं दायित्व: जिलाधिकारी
जनगणना राष्ट्र के विकास की आधारशिला, निष्ठा से निभाएं दायित्व: जिलाधिकारी
मैनपुरी (अजय किशोर) । आगामी जनगणना के प्रथम चरण को सफल बनाने हेतु सुदिति ग्लोबल एकेडेमी में प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना मात्र एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय कार्य का हिस्सा बनना गर्व की बात है और सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभानी चाहिए। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि गणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाले दिशा-निर्देशों और बुकलेट का गहन अध्ययन करें।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक गणनाकर्मी को लगभग 150 से 180 मकानों का सूचीकरण करना होगा। उन्होंने कार्मिकों को सलाह दी कि वे कार्य को अंतिम समय के लिए न टालें और पहले दिन से ही एक वैज्ञानिक कार्य-योजना बनाकर लक्ष्य निर्धारित करें ताकि समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण हो सके। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षक वर्ग की दक्षता पर भरोसा जताते हुए कहा कि यदि प्रशिक्षण के दौरान कोई भी शंका हो, तो बिना किसी संकोच के फील्ड ट्रेनर से बार-बार पूछें क्योंकि प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) की सटीकता पर ही द्वितीय चरण की सफलता निर्भर करती है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।