पुलिस अधीक्षक ने किया कुरावली थाने का औचक निरीक्षण, पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा
पुलिस अधीक्षक ने किया कुरावली थाने का औचक निरीक्षण, पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा
मैनपुरी । अजय किशोर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने थाना कुरावली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क और शस्त्रागार का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए पटल सहायकों को रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, जन शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने और लंबित विवेचनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
थाने की आंतरिक व्यवस्था परखने के बाद पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ कुरावली कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस पैदल मार्च के जरिए उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।