शिक्षामित्रों के मानदेय में 80 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि, प्रभारी मंत्री ने सराहा समर्पण

Apr 13, 2026 - 07:44
0 2
शिक्षामित्रों के मानदेय में 80 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि, प्रभारी मंत्री ने सराहा समर्पण

block-350 block-350

शिक्षामित्रों के मानदेय में 80 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि, प्रभारी मंत्री ने सराहा समर्पण

मैनपुरी (अजय किशोर)। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और मैनपुरी के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कलैक्ट्रेट सभागार में जनपद के शिक्षामित्रों के साथ सीधा संवाद कर उन्हें समाज के निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगभग 1840 शिक्षामित्र पूरी निष्ठा के साथ बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था के केंद्र में शिक्षक और शिक्षामित्र ही होते हैं, जो न केवल साक्षरता बढ़ाते हैं बल्कि संस्कारों का निर्माण कर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रभारी मंत्री ने शिक्षामित्रों के आर्थिक सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए बताया कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति निरंतर संवेदनशील रही है।

उन्होंने उल्लेख किया कि वर्ष 2017 से पहले मानदेय मात्र 3500 रुपये था, जिसे वर्तमान सरकार ने पहले 10 हजार और अब बजट सत्र 2025-26 में बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि शिक्षामित्रों के परिश्रम के प्रति सरकार के सम्मान को दर्शाती है और भविष्य में भी परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियों में सुधार के द्वार खुले रहेंगे। संवाद के दौरान मंत्री कश्यप ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल फाइलों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग से सीधा जुड़ाव बनाना है। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों के साथ-साथ अन्य वंचित वर्गों के लिए भी पेंशन राशि को 300 रुपये से बढ़ाकर अब 1500 रुपये कर दिया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षामित्रों ने भी अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें प्रभारी मंत्री ने शासन स्तर पर संकलित कर भेजने का आश्वासन दिया ताकि आगामी योजनाओं में उन्हें शामिल किया जा सके।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मानदेय में हुई 80 प्रतिशत की इस वृद्धि को ऐतिहासिक करार देते हुए शिक्षामित्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी वृद्धि का अवसर विरले ही आता है, जो सरकार की जन-कल्याणकारी सोच का प्रमाण है। इस अवसर पर विधायक राम नरेश अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा और मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु सहित प्रशासन व बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User