एटा में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, 1 अप्रैल से गृह सूचीकरण का प्रतीकात्मक शुभारंभ
एटा में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, 1 अप्रैल से गृह सूचीकरण का प्रतीकात्मक शुभारंभ
एटा। आगामी जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) लालता प्रसाद शाक्य ने आम नागरिकों को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि देश में पिछली जनगणना वर्ष 2010-11 में हुई थी, जबकि अब जनगणना 2027 को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने यानी सेल्फ-एन्यूमरेशन (Self-enumeration) की सुविधा भी दी जाएगी।
जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण गृह सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) का होगा, जो 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच प्रत्येक राज्य में 30 दिनों की निर्धारित अवधि में संचालित किया जाएगा। वहीं दूसरा चरण जनसंख्या गणना (Population Enumeration) का होगा, जो 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलेगा। उत्तर प्रदेश में गृह सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके अलावा, नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा 7 मई से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
इस दौरान परिवार अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर एक यूनिक कोड प्राप्त कर सकेंगे, जिसे वे प्रगणक को दिखाकर प्रक्रिया को सरल बना सकेंगे। जिला जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और निर्धारित समय पर सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनगणना से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश समय-समय पर साझा किए जाएंगे।