झगड़े पर गांव में पहुंची पुलिस, दबंगों ने दरोगा की गाड़ी में लगाई आग

झगड़े पर गांव में पहुंची पुलिस, दबंगों ने दरोगा की गाड़ी में लगाई आग

Feb 25, 2025 - 18:29
 0  428
झगड़े पर गांव में पहुंची पुलिस, दबंगों ने दरोगा की गाड़ी में लगाई आग

रायबरेली। मिल एरिया के एक गांव में मनबढ़ ने गांव निवासी एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची डायल 112 व चौकी पुलिस के वाहन में मनबढ़ ने आग लगा दी। घटना से अफरातफरी मच गई। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस बल ने आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मिल एरिया के उमरी गांव में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गांव निवासी मोहन रैदास का रास्ते पर ट्रैक्टर निकालने को लेकर गांव के ही एक मनबढ़ से विवाद हो गया। घटना से नाराज मनबढ़ ने मोहन पर हमला कर दिया, जिससे मोहन के हाथों में गंभीर चोट आ गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। उनका इलाज चल रहा है। उधर, ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर डायल 112 के पुलिसकर्मी पहुंचे तो मनबढ़ ने उन्हें धारदार हथियार लेकर दौड़ा लिया। यह देख पुलिसकर्मी पीछे हटे और अमावां चौकी समेत मिल एरिया थाने को सूचना दी। सूचना पर चौकी के दारोगा शुभम शर्मा अपने हमराही के साथ गांव पहुुंचे।

इसके बाद दारोगा ने अपने हमराही व डायल 112 कर्मियों के साथ आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित दोबारा धारदार हथियार लेकर पुलिसकर्मियों पर हमलावर हो गया। यह देख सभी पुलिसकर्मी पीछे हट गए। इसी बीच मनबढ़ ने पेट्रोल डालकर दारोगा की बाइक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। कुछ देर में थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी गांव पहुंंचे, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी। इस मामले में थानाध्यक्ष राजीव सिंह का कहना है कि मारपीट की सूचना पर टीम गई थी। आरोपित ने दारोगा की बाइक जला दी है। आरोपित गांव निवासी रामकिशोर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।