Kanapur News : बेटी के साथ छात्र पी रहा था कोल्डड्रिंक, वकील ने अगवाकर गेस्ट हाउस में पीटा प्लास से नाखून उखाड़े

Kanapur News : बेटी के साथ छात्र पी रहा था कोल्डड्रिंक, वकील ने अगवाकर गेस्ट हाउस में पीटा प्लास से नाखून उखाड़े

Jun 30, 2024 - 08:37
0 307
Kanapur News : बेटी के साथ छात्र पी रहा था कोल्डड्रिंक, वकील ने अगवाकर गेस्ट हाउस में पीटा प्लास से नाखून उखाड़े

block-350 block-350

कानपुर के बिठूर में नाबालिग बेटी को एक छात्र के साथ कोल्डड्रिंक पीते देख वकील ऐसा आग बबूला हुआ कि उसने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। अपने बड़े भाई और साथियों की मदद से छात्र को कार से अगवाकर फार्म हाउस ले गया और बेरहमी से पिटाई की।

रॉड और डंडे से पीट-पीटकर छात्र की पीठ लाल कर दी। प्लास से उसके पैर के नाखून उखाड़े, कान और होंठ पकड़कर खींचे। पुलिस ने छात्र को मुक्त कराकर हैलट में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर वकील और उसके बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात की गई है। उधर, गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार सुबह वकीलों ने पुलिस कमिश्नर ऑफिस में हंगामा किया। बार एसोसिएशन ने कामकाज ठप कर दिया।

बिठूर के एक मोहल्ले में रहने वाले अधिवक्ता की 14 साल की बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है। वह कल्याणपुर इलाके में कोचिंग पढ़ने जाती है। कोचिंग आने-जाने के दौरान उसकी दोस्ती दूसरे मोहल्ले में अपनी नानी के घर रहने वाले 17 साल के छात्र से हो गई। छात्र ने बैकुंठपुर के एक संस्थान में डी-फार्मा में प्रवेश के लिए हाल में काउंसिलिंग कराई थी।

शुक्रवार रात को छात्रा और छात्र ईश्वरीगंज बाजार में मिले और कोल्डड्रिंक पीने लगे। उसी दौरान वकील की नजर बेटी पर पड़ी। बेटी को फटकार कर घर भेज दिया और छात्र को बुरा-भला कहने लगा। छात्र के जवाब देने पर वकील ने अपने बड़े भाई और साथियों के उसे अपनी कार में जबरन बैठाकर फार्म हाउस ले गया। फार्म हाउस वकील का ही बताया जा रहा। चार बाइकों से भी लोग कार के आगे-पीछे चल रहे थे।

 फार्म हाउस में ले जाकर छात्र को एक कमरे में बंधक बनाकर तीन घंटे तक पीटा। छात्र ने बताया कि उसे जानवरों वाली नांद में डुबोया गया। वकील ने छात्र के पिता को भी फोन कर धमकी दी। पिता की सूचना पर ही देर रात करीब 1ः30 बजे पुलिस फार्म हाउस में पहुंची और छात्र को मुक्त कराया। एडीसीपी वेस्ट बृजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर अपहरण, मारपीट, गालीगलौज, धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई। छात्रा के पिता और ताऊ को गिरफ्तार किया गया है।

वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। एक महिला समेत चार और लोगों के नाम सामने आए हैं। इनकी तलाश की जा रही है। अधिवक्ता और उसके भाई की गिरफ्तारी से नाराज बार एसोसिएशन ने शनिवार को काम नहीं किया। बड़ी संख्या में वकील आरोपी पक्ष की छोड़े जाने, उनकी भी रिपोर्ट दर्ज किए जाने को लेकर पुलिस कमिश्नर ऑफिस में सुबह से शाम तक हंगामा और नारेबाजी करते रहे। हंगामा बढ़ता देख अफसरों ने कई थानों की फोर्स और पीएसी को मौके पर बुला लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User