जे पी नड्डा को राज्यसभा सदन का नेता बनाया गया

Jun 25, 2024 - 09:39
 0  8
जे पी नड्डा को राज्यसभा सदन का नेता बनाया गया
Follow:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता नामित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उच्च सदन में नड्डा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की जगह लेंगे। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में गोयल ने महाराष्ट्र से जीत दर्ज की है. गोयल ने आज निचले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। नड्डा के अलावा उच्च सदन के 11 अन्य सदस्य हैं जो केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य हैं।

 कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नड्डा को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह सदन में विपक्ष की आवाज को समायोजित करेंगे। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "जे पी नड्डा जी को राज्यसभा में सदन का नेता बनाए जाने पर बधाई. जैसा कि वेंकैया नायडू (पूर्व उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के पूर्व सभापति) ने कहा था- यदि सदन के नेता समायोजित कर सकते हैं तो विपक्ष सहयोग कर सकता है।

चार साल से अधिक समय तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नेतृत्व करने के बाद, जेपी नड्डा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद में वापसी हुई है. कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेते ही वे भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में हिमाचल प्रदेश से एकमात्र प्रतिनिधि बन गए। उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है. उन्होंने 9 नवंबर, 2014 से 30 मई, 2019 तक मोदी के पहले कार्यकाल में भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य किया था।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन सबसे पहले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली और उन्होंने हिंदी में शपथ ली. उनके शपथ लेने के बाद सत्तापक्ष से कई सदस्यों ने 'जय श्रीराम' के नारे भी लगाए। हिंदी में शपथ लेने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow