शिकोहाबाद।थाना समाधान दिवस में डीएम एवं एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Nov 28, 2026 - 17:08
0 10

भूमि विवाद, अवैध कब्जे और खेतों की पैमाइश से संबंधित शिकायतों पर मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश 

शिकोहाबाद। कोतवाली शिकोहाबाद परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, खेतों की पैमाइश एवं पारिवारिक मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

 जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में ग्राम बोरिया भाग चितावली निवासी राजकुमारी, बलराम सिंह, दलवीर सिंह एवं शिव सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम चितावली स्थित गाटा संख्या 143 में उन्हें आवंटित कुरे की भूमि पर विपक्षी द्वारा जबरन नींव खोदकर निर्माण कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार शिकोहाबाद एवं प्रभारी निरीक्षक को मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम नगला जवाहर भाग आवंटी निवासी तारा सिंह पुत्र सियाराम ने शिकायत की कि विपक्षियों द्वारा उनके खेत की गाटा संख्या 5 की मेड़ तोड़कर कुछ हिस्से पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर अवैध कब्जा हटवाने एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में ग्राम कंथरी निवासी सुनील कुमार पुत्र लाखन सिंह ने गाटा संख्या 822 की पैमाइश के लिए पूर्व में आदेश होने के बावजूद लेखपाल द्वारा टालमटोल किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को तत्काल खेत की पैमाइश कराने के निर्देश दिए। 

इसके अलावा ग्राम करनपुर निवासी रानू यादव पत्नी अश्वनी कुमार ने पारिवारिक विवाद के संबंध में अपने ससुराल पक्ष के ग्राम शेखपुरा स्थित मकानों की गाटा संख्या एवं मकान नंबर की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने तहसील शिकोहाबाद को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों में संयुक्त टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में टालमटोल, लापरवाही अथवा पक्षपात किए जाने की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User