गंदी नाली में लुढ़कासन

Oct 20, 2026 - 19:58
0 2
गंदी नाली में लुढ़कासन

block-350 block-350

राजनैतिक व्यंग्य-समागम *1. गंदी नाली में लुढ़कासन : विष्णु नागर*

ये खुशफहमी में हैं। खुशफहमी में जीनेवालों को उनके हाल पर छोड़ देना चाहिए। वे अपने आप लुढ़ककर किसी दिन जमीन पर आ जाएंगे। टांगें ऊपर हों, सिर नीचे हो, तब भी ऐसे लोग खुशफहमी में रहते हैं कि हम पैरों के बल खड़े हैं या कुर्सी पर तनकर बैठे हैं, मगर इनके अलावा सबको मालूम होता है कि ये लुढ़कावस्था में हैं। लुढ़कावस्था में ही ये भाषण दे रहे हैं, चीख-पुकार मचा रहे हैं, आदेश-निर्देश दे रहे हैं, गालियां बक रहे हैं, अपनी वीरता के गीत गा रहे हैं। सरकार बदलने की बात पर हाय-तौबा मचा रहे हैं। घबराहट में अपने राजनीतिक विरोधी को सिरफिरा कह रहे हैं। नेहा बोरा और नेहा सिंह राठौर जैसी बहादुर स्त्रियों का चरित्र हनन करने की कोशिश कर रहे हैं। सब उनके मन में गहराई से छुपे डर को समझकर इनकी इस हालत पर हंस रहे हैं, इनका मजा़ ले रहे हैं, मगर इन्हें पता नहीं चलता, क्योंकि ये लुढ़कावस्था में पड़े हैं।

 इनकी हालत ये है कि ये करवट भी नहीं ले पा रहे हैं, पावर के नशे में इतने दयनीय हो चुके हैं। तो ये लुढ़के पड़े हैं। इन्हें पता नहीं है कि ये जिस जगह लुढ़के पड़े हैं, वह जगह बदबूदार नाली है, जिसकी साल भर में एक बार आधी-अधूरी सफाई होती है। नशे में आदमी हो या समूह या किसी पार्टी का नेता, उन्हें लुढ़कने में सबसे ज्यादा मजा़ उसी जगह पर आता है, जहां नाली होती है। जगह जितनी बदबूदार होती है, उतना ही इन्हें आनंद आता है। एसी का मज़ा मिलता है। तो ये उस जगह लुढ़के पड़े हैं। जिनका कोई घर होता है, बीवी-बच्चे होते हैं, अंधेरी रात में भी उनके घर वाले नाली-नाली ढूंढ़ते हुए खींच-पकड़कर ले आते हैं, नहला-धुला कर बिस्तर में लिटा देते हैं। इनका तो कभी कोई अपना रहा नहीं। इनका बनने की जिसने भी कोशिश की, उसके साथ इन्होंने दगा किया। ये हमेशा से केवल अपने रहे हैं। जो इनके अपने थे, कभी थे, उन्हें इन्होंने दुत्कारा। ये आज नाली में उल्टे पड़े हैं, मगर ख्वाब देख रहे हैं कि ये सीधे, तनकर खड़े हैं, होश में हैं और टेलिप्रांप्टर से भाषण दे रहे हैं और देश की जनता इनकी बात बहुत गौर से सुन रही है। इनका डंका पूरी दुनिया में बज रहा है, जबकि इनका डंका तो अयोध्या में भी बजना बंद हो चुका है, जहां इन्होंने धूमधाम से मंदिर बनवाया था और वहां अब चोर की तरह देखे जा रहे हैं! इनके पास बारह साल से ज्यादा समय से किसी न किसी झूठ और बेईमानी से सत्ता है, इसलिए लुढ़कावस्था में भी ये खुशफहमी में हैं कि ये पहले से ज्यादा मजबूती से ज़मीन पर खड़े हैं।

ज़मीन इनके नीचे है और आकाश इनके ऊपर। ये नशे में हैं और इनका हाल उस फिल्म के हीरो राजकपूर से भी बुरा है, जिसे कम से कम यह अच्छी तरह मालूम था कि वह नशे में है और इसके लिए वह माफी मांग रहा है। दारू का नशा सुबह उतर जाता है। सत्ता अगर नशा बन जाए, तो वह सत्ता के जाने के बाद भी नहीं उतरता। आधी बेहोशी में अगले पांच साल और उसके बाद के भी पांच साल गुजरते हैं।जिस पार्टी के नेता को पहली बार एक साथ बारह साल से भी अधिक समय तक यह नशा करने का मौका मिला हो, वह कुछ ज्यादा ही खुशफहमी में रहता है, क्योंकि उसने इस दौरान नशा ही नशा किया है और नशा ही करवाया है। नशा ही उसका सनातन है, नशा ही उसका विकास! इन्हें मुगालता है कि सत्ता में रहने का हर खेल ये जानते हैं। ऐसे नहीं, तो ये वैसे अपने विरोधियों को पटकनी दे देंगे। इन नये-नये लड़के-लड़कियों का सत्ता बदलने का नशा ये चुटकी में हिरन कर देंगे। ये तुर्यावस्था में हैं। बड़ी-बड़ी डींगे मारना इनका स्वभाव है। इन्हें विश्वास है कि यह आंधी और तूफान जल्दी ही थम जाएगा। आकाश फिर साफ़ हो जाएगा। धुंध फिर छंट जाएगी। धूप फिर खिल जाएगी। इनके अच्छे दिन लौट आएंगे। तब ये दिखाएंगे कि चारों ओर कितनी हरियाली है, कितने फूल हैं, कितनी खुशबू है। जनता को तब पीला भी फिर से हरा दिखने लगेगा। बिना गंध के फूलों से महक आएगी। हम कहेंगे कि देखो आकाश नीला है, तो लोग न केवल इसे मानेंगे, बल्कि कहेंगे कि यह नान-बायोलॉजिकल प्रभु की कृपा से नीला है, वरना हमने तो इससे पहले आकाश को हमेशा काला ही देखा है! चूंकि ये नशे में उल्टे गिरे पड़े हैं, तो इन्हें कभी धर्मेन्द्र प्रधान तो कभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करने वाले सब आलतू -फालतू लगते हैं।

इन्हें लगता है कि एक दिन हमसे लड़ते-लड़ते, मार खाते-खाते, चमड़ी उधड़वाते- उधड़वाते ये थक जाएंगे और हार मान जाएंगे।माफी मांगने आएंगे कि हे नान-बायोलॉजिकल प्रभु, हमें माफ कर दो, हमसे ऐतिहासिक गलती हो गई। हम फारेन फंडिंग का हल्ला मचाएंगे, तो ये चोर की तरह सरपट भागते नज़र आएंगे।जिनके पास काम-धंधा होगा, वे उसमें लग जाएंगे, वरना काम-धंधे के लिए ये इधर-उधर धक्के खाएंगे। हम इन भूतपूर्व आंदोलनकारियों को ब्लैक लिस्ट कर देंगे। न इन्हें सरकारी नौकरी देंगे, न प्राईवेट नौकरी करने देंगे। इन्हें तड़पा-तड़पाकर मार डालेंगे या इनसे संघे शरणम् गच्छामि करवा लेंगे और फिर सब पूर्ववत हो जाएगा। इस तरह 2047 आ जाएगा। उसके बाद 2097 आना शुरू हो जाएगा। लेकिन जब भी ये थोड़ी देर के लिए होश में आते हैं, तो ये डर से कांपने लगते हैं कि ये साले, छोकरा-छोकरी सब अब हमसे डरते नहीं। हमारी पुलिस और अर्धसैनिक बलों से नहीं डरते।हम चालीस-पचास हजार पुलिस आदि लगा देते हैं, तो भी ये खौफ नहीं खाते। मार खाते हैं, मगर रोते नहीं। कहते हैं, जितना मारना हो, मार लो मगर इस सरकार को, इसके चुनाव आयुक्त को बदलवा कर ही रहेंगे। हम मेट्रो और इंटरनेट बंद करवाते हैं तो ये हमसे अदालत में माफी मंगवा लेते हैं। मतदाता सूची की गड़बड़ी ठीक करने का आदेश लेकर खड़े हो जाते हैं। अदालत से पूछवा देते हैं कि बताओ जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने का फैसला किसने लिया था!पहले सब हमारे बस में था, मगर अब थोड़ा-थोड़ा फिसलता जा रहा है। इसी तरह चला तो सब फिसल जाएगा। डर के सामने लोग तन कर खड़े हो चुके हैं, सवाल दर सवाल कर रहे हैं। डंडे खा रहे हैं, घसीटे जा रहे हैं, जेल में ठूंसे जा रहे हैं, मगर डर नहीं रहे हैं, बल्कि कह रहे हैं, आओ और डंडे मारो। आओ और आंसू गैस छोड़ो, हम झुकेंगे नहीं। लड़कियां आगे और आगे आ रही हैं, इससे ये और भी अधिक भयभीत हैं। पुलिस से, गुंडों से ये सवाल कर रही हैं। हम पचास साल राज करने आए थे। हर चीज़, हर सांस पर हमने काबू पा लिया था, मगर न जाने कहां से ये आ गए। इनकी गति अब भई सांप छछूंदर केरी है! इन्हें डर खत्म हो जाने से सबसे अधिक डर है, मगर फिर से ये उसी नाली में लुढ़क जाते हैं, जहां इन्हें एसी का मज़ा आता है। *(कई पुरस्कारों से सम्मानित विष्णु नागर साहित्यकार और स्वतंत्र पत्रकार हैं। वे जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।)

  • ******* *2. झंडा...सॉरी डंडा ऊंचा रहे हमारा! : राजेंद्र शर्मा* देखी, देखी, इन कॉकरोचों की बदमाशी देखी! मोदी जी-शाह जी को छकाने के इरादे से, रोज-रोज नये-नये नारे लगा रहे हैं, रोज-रोज नयी-नयी मांगें उठा रहे हैं। जंतर मंतर-1.0 को छोड़ भी दें तब भी, जंतर मंतर-2.0 में ही अब तक तीन-तीन मांगें बदल चुके हैं। पहले बोले ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे, नहीं तो हम जंतर मंतर-2.0 करेंगे। शाह जी ने भी कहा कि जंतर मंतर-2.0 तो तब होगा, जब जंतर मंतर रहेगा। उनके मंत्रालय ने मंतर पढ़ा और जंतर मंतर छूमंतर कर दिया। पर छूमंतर होने की जगह कॉकरोच अपनी मांग से पलट गए और लगे जंतर मंतर वापस करो की मांग करने। नारे लगाने लगे -- जंतर मंतर हम आएंगे, तुझे पब्लिक को लौटाएंगे। और जब चोरी छिपे दीवार फांदकर जंतर मंतर को खोजने पहुंचे पांच-दस कॉकरोचों को शाह जी की पुलिस ने जेल भेज दिया, तो कॉकरोच पट्ठे फिर पलट गए। कहने लगे, हमें तो तिरंगा फहराना है। हम तिरंगा लेकर आएंगे, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में फहराएंगे! खैर, शाह जी चाणक्य ठहरे, कॉकरोचों की इन पलटियों के धोखे में आने वालों में थोड़े ही थे। जो फौज-फर्रा पहले कॉकरोचों को जंतर-मंतर के आस-पास भी फटकने नहीं देने के लिए लगाया था, उसे अब तिरंगा फहराने से रोकने की ड्यूटी पर लगा दिया। कनॉट प्लेस को तिरंगा-मुक्त कराने का ऐलान कर दिया -- जो तिरंगा फहराने आएगा, सीधा जेल जाएगा। यह दूसरी बात है कि कनॉट प्लेस की तिरंगा मुक्ति भी उससे कई-कई किलोमीटर दूर तक काम कर रही थी। दीपके को उसके घर से बाहर कदम रखते ही पुलिस ने धर लिया और नेहा बोरा को, कनॉट प्लेस से तीन किलोमीटर दूर मंडी हाउस से। बेशक, कई कॉकरोच कनॉट प्लेस तक पहुंचने के लिए भी धरे गए। विरोधियों ने बस इत्ती सी बात पर तिल का ताड़ बना दिया। शोर मचा रहे हैं कि मोदी-शाह के राज में तो तिरंगा फहराना भी जुर्म हो गया। सिर्फ तिरंगा फहराने के लिए लोगों को शाह जी की पुलिस गिरफ्तार कर रही है।
  • राहुल एंड कंपनी ने इसमें भी अपना नफरत बनाम मोहब्बत का फलसफा और घुसा दिया -- कॉकरोचों से नफरत करते-करते ये तो तिरंगे से भी नफरत करने लगे। हम तिरंगे से अपनी मोहब्बत और बढ़ाएंगे। तिरंगे के लिए अंग्रेजों के डंडे खाए थे, क्या हम शाह की पुलिस के डंडों से डर जाएंगे -- हम तिरंगा वहीं फहराएंगे! विरोधियों का अंग्रेजों के टैम की बात बीच में लाना बेशक, सरासर चीटिंग है। माना कि मोदी जी-शाह जी के संघ वाले पुरखे अंग्रेजों के जमाने में तिरंगे के लिए कभी नहीं पिटे थे, लेकिन इससे उनका तब तिरंगे के खिलाफ होना कहां साबित होता है। इसी तरह, माना कि आज शाह जी कनॉट प्लेस को तिरंगा मुक्त करा रहे हैं, लेकिन इससे संघ की आज की पीढ़ी का तिरंगे से नफरत करना कहां साबित होता है? जो मंदिर वहीं बनाएंगे का विरोध करते हुए भी कहते थे कि वे मंदिर के खिलाफ नहीं हैं, अब किस मुंह से तिरंगा वहीं फहराएंगे के विरोध को, तिरंगे का विरोध बता रहे हैं? रही तिरंगे से प्रेम की बात तो जिन मोदी जी ने इसी पंद्रह अगस्त से पहले, घर-घर तिरंगा फहरवाया था, उनके तिरंगा प्रेम पर कोई सवाल उठा ही कैसे सकता है? क्या हुआ कि जब तिरंगे को राष्ट्र ध्वज बनाया गया था, तब संघ ने उसका अशुभ कहकर विरोध किया था ; क्या हुआ कि संघ ने नागपुर में अपने कार्यालय पर पचपन साल तक तिरंगा नहीं फहराने दिया था ; अब तो हर-हर मोदी के बाद, घर-घर तिरंगा कर के उन्होंने सारी कसर पूरी कर दी है। फिर, एक कनॉट प्लेस में तिरंगा फहराने के लिए गिरफ्तारियों के लिए, मोदी राज पर तिरंगे से नफरत की तोहमत लगा सकते हैं क्या? वैसे भी कॉकरोच कनॉट प्लेस में तिरंगा झोलों में रखकर, शरीर पर लपेट कर और न जाने कैसे-कैसे छुपा कर ले जा रहे हैं। ऐसे धोखे से, झंडा फहराने को भी झंडा फहराना कह सकते हैं क्या? बिना डंडे के तिरंगा फहराने का भी क्या फायदा? ऐसे झंडे से तो पुलिस का डंडा ही अच्छा। ज्ञानेश कुमार से लेकर रिजीम तक के चेंज की हवाओं को रोकता तो है। झंडा, सॉरी डंडा ऊंचा रहे हमारा! (व्यंग्यकार वरिष्ठ पत्रकार और लोकलहर के संपादक हैं।)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User