मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिरसागंज में 111 जोड़ों का विवाह संपन्न, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिरसागंज में 111 जोड़ों का विवाह संपन्न, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

सरकार गरीब बेटियों के विवाह में अभिभावक की तरह निभा रही भूमिका, योजना से लाभार्थियों के चेहरों पर आई खुशियां
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सिरसागंज में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 111 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 93 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया, जबकि 18 जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने की सरकार की पहल की सराहना की गई। कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों का उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराकर सामाजिक सद्भाव और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता के साथ आवश्यक उपहार और सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इससे बेटियों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है तथा उनके जीवन में नई खुशियों का संचार होता है। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह करने में सहयोग देना भी है। नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी इस योजना की उपयोगिता और सफलता को प्रदर्शित करती है।

मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में कन्यादान को विशेष महत्व दिया गया है। इसी भावना के अनुरूप सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में एक अभिभावक की तरह अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी परिवार को बेटी के विवाह में कठिनाइयों का सामना न करना पड़ा। उन्होंने विवाह सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत साड़ी, कपड़े, पायल, बिछिया, बर्तन, सूटकेस, डिनर सेट आदि सामग्री एवं उपहार दिए जाते हैं। साथ ही विवाह समारोह के आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी धनराशि निर्धारित की जाती है। वधू को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का उद्देश्य उसे भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद देना है, ताकि वह जरूरत पड़ने पर इस धनराशि का सदुपयोग कर सके। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और गरीब परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। नवदंपतियों के सुखद भविष्य की कामना कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वचन देते हुए उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह जीवन की एक महत्वपूर्ण शुरुआत है और सभी जोड़े आपसी विश्वास, प्रेम, सहयोग एवं पारिवारिक मूल्यों के साथ अपने जीवन को खुशहाल बनाएं। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। आयोजन के दौरान लाभार्थी परिवारों में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने इस पहल को जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी बताया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति इस अवसर पर स्थानीय विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी राजमती, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस समारोह ने जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा नवदंपतियों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत कराने का संदेश दिया। समारोह में 111 जोड़ों का विवाह संपन्न होने के साथ ही उनके जीवन के नए अध्याय का शुभारंभ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)