वंश कश्यप मौत मामला: कार्रवाई न होने पर तिकोनिया पार्क में शुरू की भूख हड़ताल, स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग
वंश कश्यप मौत मामला: कार्रवाई न होने पर तिकोनिया पार्क में शुरू की भूख हड़ताल, स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग
मैनपुरी (अजय किशोर) कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित सुदिति ग्लोबल एकेडमी में कक्षा 9 के 14 वर्षीय छात्र वंश कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया है। घटना के 10 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित परिजनों ने सोमवार को तिकोनिया पार्क में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। गत 22 नवंबर 2025 को रोज की तरह स्कूल गया वंश अचानक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पीड़ित माता-पिता केशव कश्यप और ज्योति कश्यप का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन इस बेहद संवेदनशील मामले में लगातार लीपापोती कर रहा है।
स्कूल प्रबंधन द्वारा घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी न दिए जाने और सीसीटीवी फुटेज साझा करने से इनकार करने से पूरा मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत होता है। परिवार का यह भी कहना है कि वे न्याय की गुहार लगाते हुए लंबे समय से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काटने को विवश हैं, लेकिन उन्हें कोरे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। भूख हड़ताल पर बैठे परिजनों ने जिला प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें सुदिति ग्लोबल एकेडमी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करना तथा इस प्रकरण में आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु आक्रोषित परिवार और स्थानीय नागरिक अपनी मांगों पर पूरी तरह अड़े हुए हैं। इस लंबी प्रशासनिक ढिलाई और न्याय की आस में भटक रहे एक बेबस परिवार के संघर्ष ने जिले की कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)