अलीगंज में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक बदमाश गिरफ्तार
अलीगंज में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक बदमाश गिरफ्तार
एटा। त्योहारों के मद्देनजर जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना अलीगंज पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर आई स्मार्ट बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 4600 रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात करीब 8:50 बजे अलीगंज थाना पुलिस कंपिल मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस टीम की ओर आते दिखाई दिए।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और कंपिल कस्बे की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गांव मितौलिया के पास एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लालू उर्फ लल्लू पुत्र बाबू, निवासी रमपुरा, थाना पसगवां, जनपद लखीमपुर खीरी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से उक्त सामान बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अलीगंज कस्बे में सुनार की दुकान समेत अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। इस संबंध में थाना अलीगंज में मु0अ0सं0 199/26, धारा 305(क), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)