पुलिस ने 'मौत का मांझा' बेचने वाला दबोचा, 18 रील चाइनीज मांझा बरामद!
पुलिस ने 'मौत का मांझा' बेचने वाला दबोचा, 18 रील चाइनीज मांझा बरामद!
चाइनीज मांझे से इंसानों की गर्दन से लेकर बेजुबान पक्षियों की जान तक खतरे में, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी—खरीदने और बेचने से करें तौबा
कायमगंज / फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन और पतंगबाजी के मौसम को देखते हुए कायमगंज पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया हैl कस्बे की पतंग दुकानों पर अचानक हुई छापेमारी से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18 रील प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर की करीब 12 पतंग दुकानों की गहन जांच की। जांच के दौरान बजरिया राधाकृष्ण स्थित एक अस्थायी दुकान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 रील प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। मौके से शमशाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलवीर खां निवासी दुकानदार सौरभ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा केवल प्रतिबंधित ही नहीं, बल्कि जानलेवा भी है। हर वर्ष इस मांझे की चपेट में आकर बाइक सवारों की गर्दन कटने, राहगीरों के गंभीर रूप से घायल होने और सैकड़ों बेजुबान पक्षियों के घायल अथवा मौत का शिकार होने की घटनाएं सामने आती हैं। पेड़ों और बिजली के तारों में उलझकर यह मांझा लंबे समय तक जानलेवा जाल बना रहता है, जिससे पक्षियों की गर्दन और पंख कट जाते हैं। चौकी प्रभारी अंकुर भाटी ने बताया कि पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि नगर में चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। इसी के आधार पर यह अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रतिबंधित चाइनीज या नायलॉन मांझा बेचने, खरीदने या उसका भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ दुकानें भी सील की जा सकती हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार की खुशी में ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे किसी मासूम की जान खतरे में पड़े। पतंग उड़ाने के लिए केवल सुरक्षित और सूती धागे का ही प्रयोग करें तथा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न खरीदें और न ही किसी को खरीदने दें। प्रशासन का मानना है कि लोगों की जागरूकता से ही इस जानलेवा मांझे पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)