Etah News : पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा, चोरी की बाइक व लूट का सामान बरामद
Etah News : पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा, चोरी की बाइक व लूट का सामान बरामद
एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटे गए दो मोबाइल फोन तथा 4500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, 22/23 जुलाई की रात करीब एक बजे कोतवाली नगर पुलिस शिकोहाबाद रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो अपराधी चोरी की बाइक से इलाके में घूम रहे हैं।
गंगनपुर के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सौरभ उर्फ छोटू पुत्र सुंदर लाल निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, एटा बताया। उसने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर 18 जुलाई को हाथी गेट के पास दो मोबाइल फोन और नकदी लूटने की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, लूटे गए सैमसंग और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा 4500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लूट, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट सहित आठ आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)