भामाशाह जयंती पर मैनपुरी में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन: शीर्ष करदाता और उद्यमी हुए सम्मानित
भामाशाह जयंती पर मैनपुरी में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन: शीर्ष करदाता और उद्यमी हुए सम्मानित
मैनपुरी (अजय किशोर) दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर कलैक्ट्रेट सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के प्रतिनिधि व फिरोजाबाद जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु और प्रांतीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने सर्वाधिक राज्य कर चुकाने वाले और समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, उद्योग केंद्र की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को टूलकिट और ऋण स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि संकट के समय में महाराणा प्रताप को अपनी संपत्ति दान करने वाले दानवीर भामाशाह के सम्मान में ही प्रदेश सरकार ने उनके जन्म दिवस को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने देश के विकास में व्यापारियों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है, जिससे व्यापारी और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का ऑनलाइन समय-सीमा में निपटारा हो रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से जनपद में भामाशाह की आदमकद मूर्ति भी स्थापित की गई है। प्रांतीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने व्यापारियों के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि चाहे मेवाड़ की आजादी का युद्ध हो, कारगिल की लड़ाई हो या कोरोना काल का संकट, व्यापारियों ने हमेशा देश का साथ दिया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की लालफीताशाही और बिक्री कर अधिकारियों के खौफ का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को शोषण से मुक्ति दिलाई है और अपराधियों में डर का माहौल पैदा कर सुरक्षा का वातावरण दिया है। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने भी टाटा, बजाज और पुरुषोत्तम दास जैसे उद्योगपतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि व्यापारियों द्वारा दिए गए टैक्स से ही जन-कल्याणकारी योजनाएं चलती हैं। उन्होंने सभी से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की अपील की। इस विशेष अवसर पर राज्य कर विभाग की ओर से राज कॉरपोरेशन लिमिटेड, जस्सी मोटर्स और लकी कंस्ट्रक्शन सहित 10 बड़े करदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 'एक जनपद-एक उत्पाद' योजना के तहत अरविंद कुमार, अफसाना और मनीष कुमार को टूलकिट दिए गए, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत सनी मिश्रा को शटरिंग कार्य के लिए 5 लाख रुपये तथा शीला देवी व सुबोध कुमार को 2-2 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज सक्सैना ने किया, जिसमें डौली निगम (संयुक्त आयुक्त कार्यपालक), अनवेश कुमार सिंह (संयुक्त आयुक्त एसआईटी), डॉ. बनवारी लाल (उपायुक्त उद्योग) समेत जनपद के कई प्रमुख व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)