एटा में 8, 9 और 10 जून को होगी आरक्षी भर्ती परीक्षा, 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
एटा में 8, 9 और 10 जून को होगी आरक्षी भर्ती परीक्षा, 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
एटा । आगामी आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन एटा स्थित बहुउद्देशीय हॉल में समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने की, जबकि संचालन एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय द्वारा दिए गए। बैठक में बताया गया कि जिले में 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गोष्ठी में परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन चेकिंग, जैमर एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग तथा नकल और सॉल्वर गैंग पर प्रभावी रोक लगाने संबंधी निर्देश दिए गए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, बिजली, पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के लिए साइबर सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बैठक में बोर्ड द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, कोषागार एवं स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियां, अनुचित सामग्री के प्रयोग पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई, परीक्षा केंद्रों के सैनिटाइजेशन तथा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ एवं स्मार्ट ग्लास जैसे उपकरणों, विशेष रूप से मेटा रे-बैन चश्मों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल बोर्ड द्वारा अनुमन्य सामग्री ही परीक्षा केंद्रों में ले जाने की अनुमति होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पांच क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और छह थाना प्रभारियों को सौंपी गई है। गोष्ठी में एडीएम प्रशासन संगम लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा परीक्षा ड्यूटी से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)