लोहिया अस्पताल में सीएमओ का औचक निरीक्षण, तंबाकू खाते मिले तीमारदार पर लगाया जुर्माना
लोहिया अस्पताल में सीएमओ का औचक निरीक्षण, तंबाकू खाते मिले तीमारदार पर लगाया जुर्माना
फर्रुखाबाद। जनपद के डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सकीय व्यवस्थाएं और अधिकांश सेवाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन करते मिले एक तीमारदार पर सीएमओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का जुर्माना लगाया। सुबह अस्पताल पहुंचते ही सीएमओ ने ओपीडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक अपने निर्धारित कक्षों में मरीजों को देख रहे थे। अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर दिखाई दी।
लंबे समय से गंदगी और दुर्गंध को लेकर शिकायतों में घिरे रहने वाले अस्पताल में इस बार साफ-सुथरा वातावरण देखने को मिला, जिसकी सीएमओ ने सराहना की। निरीक्षण के दौरान डॉ. आनंद उपाध्याय ने सबसे पहले नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रभात वर्मा के कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने महिला चिकित्सालय की इमरजेंसी, एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) तथा एनआरसी (न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर) का दौरा किया। उन्होंने भर्ती नवजात शिशुओं के उपचार की स्थिति की जानकारी ली तथा कुपोषित बच्चों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही डाइट एवं सुविधाओं के बारे में पूछा। पुरुष चिकित्सालय की इमरजेंसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने सीएमओ को वार्डों का निरीक्षण कराया। यहां मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, दवा वितरण व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक तीमारदार तंबाकू का सेवन करता मिला। सार्वजनिक स्थान पर तंबाकू सेवन को प्रतिबंधित बताते हुए सीएमओ ने मौके पर ही 200 रुपये का जुर्माना लगाया और अस्पताल प्रशासन को परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए। नवागंतुक सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने निरीक्षण के बाद बताया कि अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं, हालांकि कुछ कमियां भी सामने आई हैं, जिन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। चिकित्सकों के समय पर कक्षों में बैठने और राउंड के दौरान अधिकारियों के साथ अनावश्यक रूप से घूमने संबंधी सवाल पर सीएमओ ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक सुबह 8 बजे से अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहें, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बिना किसी परेशानी के समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)