Etah News : स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी की सख्त नजर, सीएमओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी की सख्त नजर, सीएमओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
*पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही पर जताई नाराजगी*
*अवैध अल्ट्रासाउंड एवं भ्रूण लिंग परीक्षण के विरुद्ध चलाया जाएगा अभियान*
*खरीद प्रक्रिया के अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार होगी कार्यवाही*
एटा । जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने मंगलवार को कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी का औचक निरीक्षण कर विभिन्न पटल, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में सीलन, साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत संचालित डिकॉय योजना की समीक्षा करने पर पाया कि विगत कई वर्षों से इस योजना के अंतर्गत कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित निरीक्षण एवं सघन प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं भी अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कन्या भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी गतिविधियां संचालित न होने पाएंगी।
ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही निष्प्रयोज्य अल्ट्रासाउंड मशीनों का नियमानुसार निस्तारण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने फार्मासिस्ट कक्ष का निरीक्षण करते हुए दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की खरीद से संबंधित अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने दवा एवं उपकरण क्रय प्रक्रिया में टेंडर कमेटी द्वारा पूर्ण पारदर्शिता,स्पेसिफिकेशन तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राप्त अभिलेखों को परीक्षण हेतु जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराकर उप समित के माध्यम से परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों के परीक्षण उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर भी बल दिया तथा चिकित्सा अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राममोहन तिवारी, डॉ0 सुधीर मोहन,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)