.पी. विद्या निकेतन के खिलाड़ियों का जोनल प्रतियोगिताओं में जलवा, ताइक्वांडो में 14 पदक और खो-खो में अंडर-19 टीम बनी चैंपियन
सी.पी. विद्या निकेतन के खिलाड़ियों का जोनल प्रतियोगिताओं में जलवा, ताइक्वांडो में 14 पदक और खो-खो में अंडर-19 टीम बनी चैंपियन
कायमगंज/फर्रुखाबाद/ जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सी.पी. विद्या निकेतन के छात्र-छात्राओं ने जोनल स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो और खो-खो प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक और खिताब अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार, काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सी.आई.एस.सी.ई.) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली जोनल खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत ताइक्वांडो टूर्नामेंट का आयोजन मुरादाबाद स्थित विलसोनिया कॉलेज में किया गया, जबकि जोनल लेवल खो-खो प्रतियोगिता चंदौसी के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में संपन्न हुई।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सी.पी. विद्या निकेतन के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 9 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया, जिसकी सभी ने सराहना की। वहीं दूसरी ओर खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका टीमों ने प्रतिभाग किया। दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन विशेष रूप से अंडर-19 गर्ल्स टीम ने पूरे जोन में अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत हासिल की और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। ताइक्वांडो खिलाड़ियों को प्रशिक्षक आदित्य राठौर के निर्देशन में तैयार किया गया, जबकि खो-खो टीमों का नेतृत्व विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका पल्लवी मिश्रा ने किया। दोनों प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का ही परिणाम रहा कि छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय की निदेशक श्रीमती (डॉ.) मिथिलेश अग्रवाल ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और विद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार बाजपेई ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। प्रतियोगिताओं में विजयी रहे सभी खिलाड़ी अब अगले चरण में आयोजित होने वाली रीजनल एवं स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। जुलाई और अगस्त माह में होने वाली इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय को अपने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)