आपकी भागीदारी, देश की सबसे बड़ी जनगणना को सफल बनाने में दे सकती है महत्वपूर्ण योगदान -अविनाश कुमार, डीएम
आपकी भागीदारी, देश की सबसे बड़ी जनगणना को सफल बनाने में दे सकती है महत्वपूर्ण योगदान -अविनाश कुमार, डीएम
अलीगढ़ । जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना प्रमुख अधिकारी अविनाश कुमार के दिशा-निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार के कुशल नेतृत्व में जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान अब जिले में तेज गति पकड़ रहा है। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों, व्यापक जनजागरूकता एवं ब्लॉक और ग्राम स्तर पर सक्रिय सहभागिता के चलते जिले की स्थिति में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। जनपद स्तर से लेकर विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों तक स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। जिले में अब तक 23,400 परिवार ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर चुके हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 13 मई तक यह संख्या 8,356 थी, जो 15 मई को बढ़कर 16,397 पहुंच गई और 17 मई तक इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए यह आंकड़ा 23,400 हो गया। लगातार बढ़ती यह संख्या नागरिकों की बढ़ती सहभागिता और जनगणना के प्रति जागरूकता को दर्शाती है। प्रदेश स्तर की रैंकिंग में जिला अभी नीचे से दसवें स्थान पर है, लेकिन जिस तेजी से प्रगति हो रही है, उससे आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार का कहना है कि यह आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो जनपद शीघ्र ही बेहतर स्थिति में पहुंच सकता है। गौरतलब है कि 7 मई से प्रारंभ हुई स्व-गणना प्रक्रिया 21 मई तक चलेगी। सोमवार से इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए केवल 4 दिन शेष रह जाएंगे। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से स्वयं गणना कर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में भागीदार बनें।
स्व-गणना न करने वाले परिवारों तक बाद में प्रगणक पहुंचेंगे, लेकिन ऑनलाइन स्व-गणना नागरिकों को अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज करने का आसान और पारदर्शी अवसर प्रदान करती है। आपकी एक छोटी सी भागीदारी, देश की सबसे बड़ी जनगणना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान बन सकती है।