भीषण गर्मी का टॉर्चर: पारा 42 डिग्री के पार, लू की चेतावनी से थमी रफ्तार
भीषण गर्मी का टॉर्चर: पारा 42 डिग्री के पार, लू की चेतावनी से थमी रफ्तार
मैनपुरी/ एटा (अजय किशोर) जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले महज दो दिनों के भीतर मौसम के मिजाज में भारी तल्खी आई है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से छलांग लगाकर सीधे 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अचानक बढ़ी इस तपिश और मौसम विभाग द्वारा जारी की गई लू की चेतावनी ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद सूरज के तीखे तेवरों के आगे लोग बेबस नजर आए। सुबह से ही शुरू हुई तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोगों की आवाजाही बेहद कम रही।
इस झुलसाने वाली गर्मी का सबसे बुरा असर दैनिक मजदूरों, कामकाजी लोगों और स्कूल से घर लौटने वाले मासूम बच्चों पर पड़ रहा है। हालात यह हैं कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी लोगों को बेचैन कर रही हैं, जहां न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बढ़ते संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन द्वारा आम जनता के लिए लू और भीषण गर्मी से बचाव के संबंध में विशेष दिशानिर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें लोगों को दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। इस बीच, मौसम वैज्ञानिकों ने थोड़ी राहत की उम्मीद जताते हुए कहा है कि इस वर्ष जिले में मानसून 25 जून के आसपास दस्तक दे सकता है, जिसके बाद ही लोगों को इस भीषण उमस और तपिश से स्थाई निजात मिलने की संभावना है।