पारुल तरार बनीं फर्रुखाबाद की सिटी मजिस्ट्रेट, जिले को मिली तेजतर्रार अफसर
पारुल तरार बनीं फर्रुखाबाद की सिटी मजिस्ट्रेट, जिले को मिली तेजतर्रार अफसर
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत अनुभवी पीसीएस अधिकारी पारुल तरार को फर्रुखाबाद का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। शासन के आदेश जारी होते ही जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पारुल तरार का फर्रुखाबाद से पुराना रिश्ता रहा है। इससे पहले वह जनपद में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने सख्त कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर अलग पहचान बनाई थी। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और तत्काल कार्रवाई करने के कारण वह आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रही हैं।
फर्रुखाबाद में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले पारुल तरार मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में तैनात थीं, जहां उन्होंने विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब एक बार फिर उनकी फर्रुखाबाद वापसी को जिले के लिए अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि शहर की कानून व्यवस्था, अतिक्रमण की समस्या और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी सख्त कार्यशैली का असर देखने को मिल सकता है। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों को उम्मीद है कि पारुल तरार के नेतृत्व में शहर की व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार होगा तथा जनता को राहत मिलेगी।